बाराद्वार । बाराद्वार थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर स्थानीय ट्रांसपोर्टरों में भारी नाराजगी है। ट्रांसपोर्टरों का आरोप है कि आए दिन पुलिस द्वारा गाड़ियों को बेवजह रोका जा रहा है और चालान व रसीद के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है।
300 रुपये की रसीद पर अड़ी पुलिस
शनिवार दोपहर की घटना है। एक स्थानीय ट्रांसपोर्टर ने बताया कि उसकी मालवाहक गाड़ी बाराद्वार क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने उसे रोक लिया। ट्रांसपोर्टर के अनुसार गाड़ी के सभी दस्तावेज फिटनेस, इंश्योरेंस, परमिट वैध थे, फिर भी पुलिसकर्मी 300 रुपये की रसीद कटवाने पर अड़े रहे। विरोध करने पर चालान की धमकी दी गई। मजबूरन उसे रसीद कटवानी पड़ी। पीड़ित ट्रांसपोर्टर ने कहा – “हम रोजी-रोटी के लिए गाड़ी चलाते हैं। अगर रोज इसी तरह रोका जाएगा तो हम काम कैसे करेंगे।”
पहला मामला नहीं, रोज की कहानी
स्थानीय ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि यह कोई इकलौता मामला नहीं है। पिछले कुछ महीनों से यह सिलसिला लगातार जारी है। खासकर छोटे ट्रांसपोर्टर और पिकअप चालकों को ज्यादा परेशान किया जा रहा है। कई बार बिना किसी ठोस कारण के गाड़ियों को थाने में घंटों खड़ा रखा जाता है। नाम न छापने की शर्त पर एक अन्य ट्रांसपोर्टर ने बताया कि “त्योहार के समय पुलिस की सख्ती समझ आती है, लेकिन रोज-रोज की वसूली से हम परेशान हो चुके हैं।”
वरिष्ठ अधिकारियों से जांच की मांग
इस मामले को लेकर ट्रांसपोर्टरों में आक्रोश है। उन्होंने जिला पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ अधिकारियों से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि यदि कोई वाहन वास्तव में नियमों का उल्लंघन कर रहा है तो नियमानुसार कार्रवाई हो, लेकिन वैध कागजात होने के बावजूद परेशान करना बंद किया जाए।
प्रातिक्रिया दे