जिस दूल्हे की शराब के कारण शादी ठुकराई… आखिर उसी का थामा हाथ! लापता काउंसलर मुस्कान लौटीं, पुलिस बोली– सकुशल वापस आई हैं

जांजगीर-चांपा। कुछ दिन पहले तक शराब के विरोध में अपनी ही बारात लौटाकर पूरे छत्तीसगढ़ में साहस की मिसाल बनीं मुस्कान प्रधान अब एक नए घटनाक्रम को लेकर फिर चर्चा में हैं। महिला परिवार परामर्श केंद्र की काउंसलर मुस्कान के गुरुवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई।
हालांकि देर रात मामले में नया मोड़ आया। पुलिस अधीक्षक विजय पांडे ने पुष्टि की कि मुस्कान सकुशल वापस लौट आई हैं। उन्होंने बताया कि लापता होने की सूचना मिलने पर पुलिस सक्रिय हुई थी, लेकिन अब वह सुरक्षित हैं।
मामले को लेकर चर्चाओं का बाजार इसलिए भी गर्म है क्योंकि मुस्कान वही युवती हैं जिन्होंने कुछ समय पहले कथित रूप से शराब के नशे में पहुंचे दूल्हे की बारात लौटा दी थी। इस साहसिक फैसले की पूरे प्रदेश में सराहना हुई थी। इसके बाद जांजगीर-चांपा पुलिस ने उनके सामाजिक साहस और जागरूकता को सम्मान देते हुए उन्हें महिला परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलर की जिम्मेदारी सौंपी थी। पुलिस अधिकारियों ने उस समय कहा था कि मुस्कान अब पारिवारिक विवादों के समाधान, महिला जागरूकता और नशामुक्त समाज के अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
अब इसी मामले ने अप्रत्याशित मोड़ ले लिया है। एक स्थानीय पत्रकार को दिए गए इंटरव्यू में मुस्कान और संबंधित युवक ने दावा किया है कि दोनों ने अपनी इच्छा से विवाह कर लिया है। वहीं युवक का कहना है कि शादी वाले दिन उसके शराब के नशे में होने की बात एक साजिश थी और उसे गलत तरीके से प्रचारित किया गया। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
फिलहाल पुलिस ने मुस्कान के सकुशल लौट आने की पुष्टि कर दी है। वहीं, शादी से जुड़े दावों और पहले हुए घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं जारी हैं। यदि इस मामले में दोनों पक्षों या पुलिस की ओर से आगे कोई आधिकारिक दस्तावेज या बयान सामने आता है, तो तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।


प्रकाशित किया गया

में

द्वारा

टैगस:

टिप्पणियां

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *