जिलाध्यक्ष-मंडल अध्यक्ष नदारद ,मंत्री ने भी नही पूछा हाल लोकतंत्र रक्षकों को पार्टी ने किया दरकिनार

*सक्ती में मीसाबंदी सम्मान बना मजाक, कुर्सी पर बैठने वाला कोई नहीं*

*जिलाध्यक्ष-मंडल अध्यक्ष नदारद, मंत्री ने भी नहीं पूछा हाल, ‘लोकतंत्र रक्षकों’ को पार्टी ने किया दरकिनार*

*सक्ती।* आपातकाल को ‘काला दिवस’ बताने वाली भाजपा ने सक्ती में खुद ही एक नया काला अध्याय लिख दिया। 25 जून को मीसाबंदियों के सम्मान में रखे कार्यक्रम में ‘सम्मान’ ढूंढते रह गए लोग, और ‘सम्मान देने वाले’ गायब मिले। भाजपा कार्यालय में हुए इस समारोह से जिलाध्यक्ष और सक्ती नगर मंडल अध्यक्ष दोनों नदारद रहे। मंच पर बैठने वाला कोई बड़ा चेहरा नहीं था। हां, कैमरे के सामने पोज देने के लिए कुछ नेता- कार्यकर्ता जरूर पहुंच गए। मानो सम्मान नहीं, रील बनानी हो। सक्ती छोटा जिला है, मीसाबंदी गिनती के हैं। फिर भी आधे से ज्यादा ‘लोकतंत्र रक्षकों’ को कार्यक्रम की भनक तक नहीं लगी। पार्टी ने कुछ पसंदीदा चेहरों को बुलाकर फर्ज अदायगी कर ली। कार्यकर्ता ही दबी जुबान में कह रहे हैं- “लगता है पार्टी के पास मीसाबंदियों की लिस्ट ही नहीं है, या फिर याद रखने लायक समझा ही नहीं गया।” कमाल तो ये कि 24 जून को प्रदेश के उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन देवांगन आपातकाल पर बातें रखने के लिये मुख्य वक्ता के रूप सक्ती पहुंचे थे। पार्टी चाहती तो उसी दिन किसी मीसाबंदी के घर जाकर उसका हाल पूछ लेती। एक फोटो खिंच जाती, संदेश चला जाता। लेकिन नहीं। प्रेस वार्ता हुई, लेकिन बगल की कुर्सी पर एक भी मीसाबंदी नहीं बैठाया गया। पूछने वाला कोई नहीं था।
*पेंशन देती है सरकार, इज्जत नहीं देती पार्टी*
एक तरफ सरकार मीसाबंदियों को ‘लोकतंत्र का रक्षक’ बताकर पेंशन दे रही है। दूसरी तरफ पार्टी का संगठन उन्हीं रक्षकों के सम्मान समारोह को *‘खानापूर्ति’* बनाकर निपटा रहा है। न बुलावा ,न पूछपरख। नतीजा – नाराज मीसाबंदी कार्यक्रम से दूर रहे।
*सवाल जो भाजपा से पूछे जाएंगे:*
1. जब कार्यालय में कार्यक्रम था तो जिलाध्यक्ष कहां थे?
2. गिनती के मीसाबंदियों की लिस्ट बनाना इतना मुश्किल था?
3. मंत्री के रहते सम्मान क्यों नहीं हुआ?
फिलहाल सक्ती भाजपा के पास इन सवालों का जवाब नहीं है। और मीसाबंदियों के पास सरकार की पेंशन तो है, पर पार्टी का सम्मान नहीं।


प्रकाशित किया गया

में

द्वारा

टैगस:

टिप्पणियां

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *