छत्तीसगढ़ का पहला पूरी तरह डिजिटल टोल प्लाजा बना केसला
– लोकल मासिक पास पूरी तरह ऑनलाइन, अब टोल प्लाजा जाने की जरूरत नहीं
– 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले पात्र नागरिक घर बैठे ले सकेंगे डिजिटल लोकल पास
– डिजिटल सुविधा शुरू करने वाला प्रदेश का पहला टोल प्लाजा बना केसला
बाराद्वार राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा को अधिक सुगम, पारदर्शी और तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ ने एक नई उपलब्धि हासिल की है। बिलासपुर-रायगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर स्थित केसला टोल प्लाजा प्रदेश का पहला पूरी तरह डिजिटल टोल प्लाजा बन गया है।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा देशभर के चयनित टोल प्लाजा पर शुरू की गई फास्टैग डिजिटल लोकल पास सुविधा के तहत छत्तीसगढ़ में केसला टोल प्लाजा को इस नई व्यवस्था से जोड़ा गया है। अब स्थानीय यात्रियों को मासिक पास बनवाने के लिए टोल प्लाजा पर व्यक्तिगत रूप से जाने अथवा भौतिक दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी।
पात्र नागरिक अपने मोबाइल फोन के माध्यम से ‘राजमार्ग यात्रा’ (Rajmargyatra) ऐप अथवा NHAI के आधिकारिक वेब पोर्टल के जरिए घर बैठे डिजिटल लोकल पास के लिए आवेदन कर सकेंगे।
20 किलोमीटर के दायरे में रहने वालों को सुविधा
डिजिटल लोकल पास योजना के तहत संबंधित टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में निवास करने वाले पात्र स्थानीय नागरिक ऑनलाइन माध्यम से मासिक लोकल पास के लिए आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित प्रावधानों के अनुसार पात्र उपयोगकर्ताओं को संबंधित टोल प्लाजा से मासिक आधार पर यात्राओं की सुविधा मिलेगी।
350 रुपए में मिलेगा पास
नेशनल हाईवे यूजर फीस नियमों के तहत गैर-व्यावसायिक (नॉन-कमर्शियल) वाहनों के लिए मासिक लोकल पास का शुल्क 350 रुपए निर्धारित किया गया है।
डिजीलॉकर और GIS से होगा डिजिटल सत्यापन
इस नई व्यवस्था को डिजीलॉकर, वाहन संबंधी सरकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म और लिंक किए गए फास्टैग जैसी प्रणालियों के साथ सहमति-आधारित डिजिटल एकीकरण से जोड़ा गया है। इसके माध्यम से आवेदक के आवासीय पते, वाहन विवरण और अन्य आवश्यक जानकारियों का डिजिटल सत्यापन किया जा सकेगा।
पात्रता का निर्धारण भौगोलिक सूचना प्रणाली (GIS) आधारित तकनीक से किया जाएगा, जिससे यह सुनिश्चित होगा कि आवेदक का पंजीकृत पता संबंधित टोल प्लाजा के निर्धारित 20 किलोमीटर के दायरे में है या नहीं। इससे भौतिक सत्यापन की आवश्यकता समाप्त होगी और पात्रता निर्धारण में अधिक पारदर्शिता, एकरूपता और सटीकता सुनिश्चित होगी।
अन्य टोल प्लाजा तक भी पहुंचेगी सुविधा
केसला टोल प्लाजा से शुरू हुई यह डिजिटल पहल प्रदेश में टोल सेवाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के अन्य टोल प्लाजा पर भी इस सुविधा का विस्तार किया जाएगा।
लोकल डिजिटल पास से संबंधित जानकारी के लिए नागरिक राजमार्ग यात्रा के आधिकारिक पोर्टल https://rajmargyatra.nhai.gov.in पर जा सकते हैं।
प्रातिक्रिया दे