अमृत मिशन में बाराद्वार स्टेशन: शेड, प्रदूषण और सड़क को लेकर उठी मांग

बाराद्वार। नगर पंचायत के अध्यक्ष नारायण कुर्रे ने बाराद्वार रेलवे स्टेशन से जुड़ी 3 प्रमुख समस्याओं को लेकर सांसद और रेल प्रशासन से मांग की है। उन्होंने पत्र लिखकर रेलवे क्रासिंग के दोनों ओर यात्रियों के लिए शेड निर्माण, प्रदूषण फैलाने वाली रेक को नये साइडिंग में शिफ्ट करने और अमृत मिशन में CC रोड-नाली-स्ट्रीट लाइट के कार्य कराने की मांग की है।

फाटक पर शेड बनाने की मांग
सांसद कमलेश जांगड़े को लिखे पत्र में अध्यक्ष ने कहा कि बाराद्वार रेलवे स्टेशन अमृत मिशन के अंतर्गत विकसित हो रहा है। स्टेशन के पास वाला रेलवे फाटक घनी आबादी क्षेत्र में है और मुंबई-हावड़ा रूट पर होने के कारण यहां रोज हजारों यात्रियों का आवागमन होता है। रेक प्वाइंट होने से फाटक दिन में करीब 6-7 घंटे बंद रहता है। ओवरब्रिज अभी तक नहीं बना है। भीषण गर्मी में यात्रियों को धूप में घंटों खड़ा रहना पड़ता है, जिससे सनस्ट्रोक का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने फाटक के दोनों ओर यात्रियों की सुविधा के लिए शेड निर्माण कराने का आग्रह किया।

प्रदूषण रोकने रेक शिफ्ट करने की मांग
दूसरे पत्र में कहा गया है कि स्टेशन के पास साइडिंग क्रमांक 1,2,3 आबादी क्षेत्र से लगा है। यहां डोलोमाइट, गिट्टी और डस्ट की रेक लगने से भारी धूल उड़ती है। इससे स्टेशन और आसपास के क्षेत्र में गंभीर प्रदूषण है और यात्रियों व स्थानीय लोगों को सांस-एलर्जी जैसी बीमारियों का खतरा है। साथ ही इस तरह की लोडिंग से रेलवे को प्रति माह आर्थिक नुकसान भी हो रहा है। स्टेशन से 3 किमी दूर नया रेक प्वाइंट बन चुका है। मांग की गई कि डोलोमाइट-गिट्टी-डस्ट की रेक को वहां शिफ्ट कर दिया जाए और स्टेशन वाली साइडिंग में सिर्फ खाद्यान्न और फर्टिलाइजर की रेक लगाई जाए।

अमृत मिशन में वार्डों में मूलभूत सुविधा की मांग
तीसरा पत्र मंडल रेल प्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेल्वे बिलासपुर को लिखा गया है। इसमें वार्ड क्र. 8 में रेल्वे कालोनी से नहर साइफन तक और वार्ड क्र. 3, 4 में रेल्वे फाटक से मस्जिद तक CC रोड, नाली निर्माण एवं स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की गई है। अध्यक्ष ने कहा कि ये कार्य जनहित में अत्यंत आवश्यक हैं और नगर के नागरिकों की लंबे समय से मांग है। अध्यक्ष नारायण कुर्रे ने कहा कि अमृत मिशन का उद्देश्य बाराद्वार स्टेशन को बेहतर बनाना है, लेकिन उपरोक्त समस्याओं के समाधान के बिना आम नागरिकों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पाएगा। उन्होंने प्रशासन से इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की अपील की है।


प्रकाशित किया गया

में

द्वारा

टैगस:

टिप्पणियां

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *