सक्ती। जिले में स्वच्छता अभियान को गति देने और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर जल निकासी व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला पंचायत सभापति आयुष शर्मा के मुख्य आतिथ्य में ग्राम पंचायत भद्रीपाली के आश्रित ग्राम भक्तूडेरा में नाली निर्माण कार्य का भूमि पूजन समारोह हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत विधि- विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। भूमि पूजन के पश्चात जिला पंचायत सभापति आयुष शर्मा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता ही स्वास्थ्य की कुंजी है। स्वच्छ गांव ही विकसित गांव की पहचान है। उन्होंने ग्रामीणों से अपने घर-आंगन के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों को भी स्वच्छ रखने की अपील की।
इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी प्रमुख मांगें भी रखीं। ग्रामवासियों ने गांव के आराध्य ठाकुर देवता के लिए चबूतरा निर्माण और सामुदायिक भवन बनाए जाने की मांग की। ग्रामीणों की मांग पर सभापति शर्मा ने आश्वासन दिया कि उनके जिला पंचायत कार्यकाल के दौरान इन दोनों कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाएगा।अपने उद्बोधन में श्री शर्मा ने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री विजय शर्मा तथा सक्ती जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण विकास और स्वच्छता के लिए लगातार कार्य कर रही है। बेहतर जल निकासी से गंदगी और बीमारियों पर नियंत्रण मिलेगा और गांव के विकास को नई दिशा मिलेगी। कार्यक्रम में अर्जुन राठौर, ग्राम पंचायत भद्रीपाली के सरपंच प्रतिनिधि गणेश राम चंद्रा, धर्म सेना के प्रमुख रूपेंद्र गवेल, समस्त पंचगण, धर्म सेना के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्राम वासी उपस्थित रहे।

प्रातिक्रिया दे