सक्ती। सोशल मीडिया पर दोस्ती कर महिला से ठगी और अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने के मामले में सक्ती पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 2 वर्ष पूर्व फेसबुक के माध्यम से पीड़िता की दोस्ती एक अज्ञात व्यक्ति से हुई थी। आरोपी ने बातचीत कर भरोसा जीता और पीड़िता के अर्धनग्न फोटो व वीडियो प्राप्त कर लिए। इसके बाद आरोपी ने पैसे की मांग शुरू कर दी।
जब पीड़िता ने मना किया तो आरोपी ने अश्लील फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। डर के कारण पीड़िता ने आरोपी के बताए खाते में 2500 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद भी आरोपी द्वारा बार-बार पैसे मांगे जाने पर पीड़िता ने मना कर दिया। इस पर आरोपी ने पीड़िता और उसके परिवार को व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक फोटो-वीडियो भेज दिए। रिपोर्ट पर थाना चन्द्रपुर में IT एक्ट की धारा 67-ए एवं BNS की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना की गई। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन में 14 जुलाई 2026 को आरोपी मनोज कुमार देवांगन को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। पुलिस अधीक्षक ने जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती न करें और निजी फोटो-वीडियो साझा न करें। किसी भी साइबर अपराध की सूचना हेल्पलाइन 1930 पर दें।

प्रातिक्रिया दे